- खेत में चारा लेने गई, अर्द्धनग्न हालत में मिला शव
शामली। पशुओं के लिए चारा लेने गई अनुसूचित जाति की 40 वर्षीय महिला की चुनरी से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। उसका शव खेत में अर्द्धनग्न हालत में पड़ा मिला। कानों से कुंडल गायब मिले। यह वारदात जलालाबाद क्षेत्र के गांव में हुई। आक्रोशित लोगों ने थानाभवन-मुजफ्फरनगर मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। सामूहिक दुष्कर्म की आशंका जताते हुए हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग की।
जानकारी के मुताबिक एक गांव की महिला 200 मीटर दूर खेत में पशुओं के लिए चारा लेने गई थी। वह रक्षाबंधन पर अपने घर गई थी और दोपहर को वहां से लौटी थी। देर शाम तक जब वह वापस घर नहीं लौटी तो परिजनों ने खेत पर जाकर तलाश की। खेत में महिला का अर्द्धनग्न हालत में शव पड़ा मिला। उसके गले में चुनरी का फंदा लगा था और कपड़े जगह-जगह से फटे हुए थे और कानों के कुंडल गायब मिले। परिजन पहले शव को घर ले गए। इसके बाद समाज के लोगों ने इकट्ठा होकर शव को गांव में थानाभवन-मुजफ्फरनगर मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन परिजन व ग्रामीण हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। उन्होंने कहा कि जब तक न्याय नहीं मिलता, तब तक जाम नहीं खोलेंगे। मृतका का पति मजदूरी करता है। पुलिस अधीक्षक रामसेवक गौतम भी मौके पर पहुंच गए। डॉग स्क्वायड ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। एसपी का कहना है कि तीन टीमें गठित की हैं। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
इस घटना से गुस्साए लोगों ने करीब दो घंटे तक जाम भी लगाया। एसपी ने तुरंत हत्या का मुकदमा दर्ज करने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। तब ग्रामीणों ने जाम खोला।