- मेरठ आईजी ऑफिस के पास हुई वारदात
- सिविल लाइन से बंदूक लहराते हुए आरोपी फरार
मेरठ। बेहद मामूली विवाद के बाद युवक को कॉलोनी के ही दूसरे युवक ने सरेआम गोली मार दी और फरार हो गया। यह घटना आईजी आफिस के पास की है। वीआईपी इलाके में हुई इस वारदात के बाद हड़कंप मच गया। घायल वेनेरिक जॉन एमपीएस स्कूल में स्पोर्ट्स टीचर है।
घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के चर्च कालोनी की है। जानकारी के मुताबिक चर्च कालोनी में रहने वाले वेनेरिक रविवार देर रात घर के बाहर किसी से फोन पर तेज आवाज में बात कर रहा था। तभी माइकल नामक युवक वहां से गुजरा। माइकल ने वेनेरिक से धीमी आवाज में बात करने को कहा। इस बात पर वेनेरिक चिढ़ गया। दोनों में कहासुनी होने लगी। तभी माइकल अपने घर गया और वहां से हथियार लेकर आया और वेनेरिक पर गोली चला दी। गोली वेनेरिक की पीठ में लगी। वेनेरिक मौके पर ही गिर पड़ा। गोली की आवाज सुनकर कालोनी में हल्ला मच गया। घरवाले फौरन घायल वेनेरिक को अस्पताल लेकर गए। वहां उसको इलाज दिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तारी को लगाई तीन टीमें
सूचना पर सिविल लाइंस थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। लोगों ने बताया कि माइकल, वेनेरिक दोनों पड़ोसी हैं। पहले भी इनका झगड़ा हुआ है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस आरोपी की तलाश में हैं। तीन टीमें लगाकर उसको ढूंढ़ा जा रहा है। घायल का रात ऑपरेशन हुआ है अब हालत स्थिर है।