- दो दिन पहले ही अपने नाना-नानी के यहां आए थे बच्चे
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में एक बड़ी दुर्घटना हुई है। भीषण बारिश के चलते बीती रात निर्माणाधीन एक मकान की दीवार गिर गई। इसके नीचे आठ बच्चे दब गए। इनमें से तीन बच्चों की मौत हो गई। बाकी बच्चों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक थाना सूरजपुर क्षेत्रान्तर्गत खोदना गांव में निर्माणाधीन मकान की दीवार गिर गई है। इस घटना में आयशा (16), आहद (4) , हुसैन (5), आदिल (8), अलफ़िजा (2), सोहना (12), वासील (11) और समीर (15 ) दब गए।
मकान मालिक सगीर के मकान की दीवार गिरने से उनके ही परिवार और रिश्तेदारों के आठ बच्चे उसके नीचे दब गए। इसमें आहद, आदिल व अलफिजा की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।
यह बच्चे दो दिन पहले ही अपने नाना-नानी के यहां पर छुट्टियां मनाने आए थे। घटना के बाद क्षेत्र में कोहराम मच गया। पुलिस और बचाव दल के लोग मौैके पर पहुंचे। पांच बच्चे अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। माना जा रहा है कि शुक्रवार की सुबह हुई बरसात के बाद हादसा हुआ है।
गौरतलब है कि गुरुवार देर रात से ही एनसीआर में हो रही तेज बारिश ने लोगों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं। कई जगह जल भराव के कारण लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है।