Bijnor: खेत पर गई महिला को तेंदुए ने मार डाला

  • आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रेन को रोका, 10 गांवों के लोग कर रहे प्रदर्शन

चाँदपुर। पिलाना गांव के जंगल में एक महिला पर तेंदुए ने हमला कर मार डाला। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने महिला का शव रोड पर लाकर जाम लगा दिया है। ग्रामीणों ने नजीबाबाद गजरोला पैसेंजर ट्रेन को रोक दिया। ट्रेन एक घंटा वहां खड़ी रही। इसके बाद पुलिस के समझाने पर ग्रामीणों ने ट्रेन को जाने दिया। ग्रामीणों की मांग है कि गुलदार को नरभक्षी घोषित कर उसे मारा जाए।

यह हादसा मामला बिजनौर जिले के तहसील चांदपुर के हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के गांव पिलाना का है। जहां आज खेतों पर दो लड़कों के साथ गई महिला संतोष देवी (60) को तेंदुए ने मार डाला। दोनों लड़के खेत पर काम कर रहे थे, मां डोल पर बैठी देखभाल कर रही थी। तभी तेंदुए ने महिला पर हमला कर दिया। जब तक दोनों लड़के वहां से चिल्लाए तब तक महिला को तेंदुए ने मार डाला। तेंदुए ने महिला के चेहरे पर वार किया है। इसके बाद तेंदुए जंगल की तरफ भाग गया है।

महिला की मौत के बाद घटनास्थल पर आस पास के कई गांवों के ग्रामीण पहुंच गए। गुस्साए ग्रामीणों ने चांदपुर – अम्हेड़ा मार्ग पर मृतका के शव को बैलगाड़ी पर रखकर जाम लगा दिया। मौके पर कई गांवों के ग्रामीण हंगामा प्रदर्शन कर रहे हैं। जब ग्रामीण रोड पर जाम लगा रहे थे, तभी नजीबाबाद गजरोला पैसेंजर ट्रेन गुजर रही थी। ग्रामीण भारी तादाद में पिलाना गांव के रेलवे फाटक पर पहुंच गए और ट्रेन रोक दी।

इसके बाद पुलिस रेलवे ट्रैक पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा बुझाकर ट्रेन को आगे रवाना किया गया है। मामला बढ़ता देख प्रशासन की ओर से कई थानों की पुलिस लगाई गई है। वहीं किसान यूनियन और राष्ट्रीय लोकदल के पदाधिकारी कार्यकर्ता भी मौके पर मौजूद हैं। परिजनों और ग्रामीण मौके पर डीएफओ से लेकर डीएम को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़े हैं। तेंदुए को मार डालने की मांग भी कर रहें हैं।

25 दिन के अन्दर हो चुकी हैं चार घटनाएं

तेंदुए ने अब तक क्षेत्र में चार महिलाओं पर हमला किया है। अभी पिछले महीने गांव की ही नवयुवती पर हमला कर मार डाला था। उसके बाद पास के गांव ताहरपुर की महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया था, अभी दो दिन पहले ही सिसौना गांव की महिला पर हमला किया था। वह जिला अस्पताल में भर्ती है और आज फिर महिला पर हमला कर मार डाला है। करीब 25 दिन के अन्दर चार घंटनाए हो चुकी है, जिससे ग्रामीणों में दहशत है और आक्रोश फैल गया है।

वहीं मामले में वन रेंजर दुष्यंत सिंह ने बताया- जब गांव की नवयुवती पर तेंदुए ने हमला किया था, तब से इलाके में पिंजरे लगे हुए हैं। तेंदुआ पिंजरे में आ नहीं रहा है। वहीं एक पिंजरा अखलासपुर में, दो पिंजरे पिलाना में, एक पिंजरा ताहरपुर में, एक पिंजरा सिसौना में लगा हुआ है। कई ट्रैप कैमरे भी लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *