मेरठ। शहर के थाना टीपी नगर क्षेत्र में पुलिस और हिस्ट्रीशीटर बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। घायल हालत में बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि घायल बदमाश विवेक उर्फ टीटू (30) सैलून संचालक पर हमले का आरोपी है जो कि घटना के बाद से फरार चल रहा था। देर रात पुलिस को सूचना मिली कि विवेक उर्फ टीटू बागपत रोड की तरफ से आ रहा है। पुलिस ने घेराबंदी की तो वह मलियाना बंबे से वेदव्यासपुरी जाने वाले रास्ते पर भाग निकला। उसने अपनी बाइक अंसल सिटी के खाली पड़े प्लॉट में घुसा दी और अपने आप को घिरा देखकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में अभियुक्त दोनो पैरे में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि मौके से बदमाश की बाइक के अलावा तमंचा 315 बोर और दो कारतूस बरामद किए गए हैं।