- कुल्हाड़ी मारकर दिया वारदात को अंजाम, आरोपी फरार
मेरठ। आपस में हुए विवाद में मंगलवार को दिन निकलते ही पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। यह हृदयविदारक घटना शहर के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव लाला मोहम्मदपुर की है। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पहुंची और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार लाला मोहम्मदपुर गांव निवासी मौसम पुत्र हाशम मजदूरी करता है। उसका निकाह अब से लगभग 10 वर्ष पूर्व फरजाना से हुआ था। निकाह के बाद दोनों के छह बच्चे हुए। पुलिस के अनुसार दंपती में काफी समय से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसके चलते पूर्व में भी दंपति में कई बार झगड़ा हो चुके थे।
मंगलवार सुबह भी किसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया। बात बढ़ते ही आरोपी पति पर इतना गुस्सा चढ़ा कि उसने महिला के सिर पर कुल्हाड़ी से कई वार कर दिए। महिला लहुलुहान होकर फर्श पर गिर गई। महिला की चीख सुनकर बच्चे बाहर की तरफ दौड़े। जहां उन्होंने मां को खून से लथपथ फर्श पर पड़े देखा।
फरजाना के 6 बच्चों में बड़ी बेटी 15 साल की है। उसे घायल देखकर बच्चे जोर-जोर से चिल्लाने लगे। तब आसपास के लोग इकट्ठा हुए और थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन फरजाना की मौके पर ही मौत हो गई थी।
वहीं आरोपी पति घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ दौराला शुचिता सिंह का कहना है कि मामले की जांच के लिए एक टीम का गठन कर दिया गया है। हत्यारोपी पति को जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।