- गले पर रुमाल बांध बाइक से पहुंचा घर, फिर तोड़ दिया दम
सहारनपुर। खेत पर पानी देने गए किसान का देर रात बदमाशों ने गला रेतकर हत्या कर दी। मामला थाना नागल के पहाड़पुर गांव का है। परिजनों की माने तो लहूलुहान हालत में किसान घर तक आया। उसने गले पर रुमाल बांध रखी थी। इसके बाद उसकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक पहाड़पुर में संजय उर्फ नीटू (40) देर रात को अपने खेत पर पानी देने के लिए गया था। रात के समय वह खेत पर आराम करने लगा। तभी कुछ अज्ञात लोगों ने आकर युवक के गले पर धारदार हथियार से वार कर दिया। घायल संजय सैनी ने हिम्मत दिखाते हुए अपने गले पर रूमाल रखा और बाइक चलाकर अपने घर तक पहुंचा। घर पहुंचते ही वह गेट पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया।
रात के करीब 1 बजे युवक परिजन उसे अस्पताल ले गए। जहां से डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में चेकअप के बाद संजय को मृत घोषित कर दिया गया।
वहीं सूचना पर पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई युवक के सबको कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। एसपी देहात सागर जैन का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। तीन टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही हत्या आरोपियों को अरेस्ट कर लिया जाएगा।